भोपाल। मध्यप्रदेश ( madhya pradesh ) के कई जिलों में मौसम एक बार फिर बदल गया है। पिछले कुछ दिनों से हल्की गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन एक बार फिर हवाओं के रुख ने फिजाओं में ठंडक घोल दी है। इधर, उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जरूर आई है, वहीं मौसम विभाग ( imd ) ने 16 जिलों में कोहरे की आशंका व्यक्त की है।
मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। तापमान में ठंडक फिर बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के करीब 16 जिलों में एक बार फिर कोहरा छाने की संभावना है। इनमें रीवा और चंबल संभागों के जिले शामिल हैं, वहीं ग्वालियर, दतिया, गुना, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिले शामिल हैं।
सबसे ठंडा उमरिया
मध्यप्रदेश में आमतौर पर पचमढ़ी और उमरिया जिला सबसे ठंडा होता है। इस बार उमरिया में तापमान 6 डिग्री के करीब पहुंच गया है। यहां प्रदेश में सबसे अधिक ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने कहा है कि 25 और 26 जनवरी से न्यूनतम तापमान में कमी आने से और अधिक ठंड का अहसास होगा।
पिछले 24 घंटों का हाल
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। रीवा, सतना, खजुराहो, नौगांव, ग्वालियर और दतिया में मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान ग्वालियर और उज्जैन संभागों के जिलों में काफी बढ़े हुए रहे। भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर संभागों के जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान उमरिया में दर्ज किया गया।
फिर आएगी शीतलहर
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक गुजरात के ऊपर हवा का चक्रवात बनने से मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव हो रहा है। हवा का रुख भी उत्तर-पूर्वी हो गया है। इससे दिन के तापमान में तो बढ़ोत्तरी हुई है, रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।
मप्र के वातावरण में नमी बढ़ने लगी है। इससे बादल छाने लगे हैं और 25 जनवरी तक यह सिस्टम उत्तर भारत से आगे निकल जाएगा। इससे एक बार फिर हवा का रुख बदलकर उत्तरी होने की संभावना है। इसके बाद 26 जनवरी से एक बार फिर शीतलहर चल का दौर देखना पड़ सकता है।