गाजियाबाद के मुरादनगर में 25 मौतों के गुनहगार ठेकेदार अजय त्यागी पर मंगलवार को पूनम नाम की एक महिला ने पुलिस के सुरक्षा घेरे के बीच जूते से हमला कर दिया। पुलिस मेडिकल कराने के बाद अजय को MMG अस्पताल से बाहर निकाल रही थी। तभी मीडिया वालों ने उसे घेरा और प्रकरण को लेकर कुछ सवाल पूछे। तभी महिला ने मौका पाकर मुख्य आरोपी अजय के सिर पर जूता मारा। जूता उछलकर पुलिसकर्मी को लगा और फर्श पर गिर गया। पुलिसवालों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अजय को भीड़ से निकालकर गाड़ी में बैठाया। इस दौरान अजय ने अधिकारियों पर 28% कमीशनखोरी का आरोप लगाया है।
महिला का पति हादसे में घायल
रविवार को मुरादनगर के श्मशान घाट में हुए हादसे के घायलों का MMG अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूनम का पति भी हादसे में घायल हुआ था। वह इसी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस टीम अजय का मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। तभी पूनम की नजर अजय पर पड़ी। उसने अपने पैर से जूता निकालकर अजय के सिर पर हमला कर दिया। इसका घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, लगेगा रासुका
गाजियाबाद पुलिस ने अजय त्यागी को सोमवार की रात गिरफ्तार किया है। उसपर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम रखा था। वहीं, इससे पहले पुलिस ने इस मामले में मुरादनगर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका सिंह, जूनियर इंजीनियर चंद्रपाल और सुपरवाइजर आशीष को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों पर रविवार की शाम पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, भ्रष्टाचार लापरवाही समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज किया था। इस हादसे में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ की बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के लिए ज़िम्मेदार इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ रासुका लगाने का निर्देश दिया है। योगी ने कहा है कि नुकसान की वसूली दोषी इंजीनियर और ठेकेदार से किया जाएगा और उसे ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
अब तक 25 लोगों की मौत
दरअसल, गाजियाबाद के मुरादनगर स्थित श्मशान घाट पर कस्बे के फल कारोबारी जयराम (65) का रविवार दोपहर में अंतिम संस्कार किया जा रहा था। अंतिम संस्कार के दौरान सभी लोग गेट से सटी गैलरी में खड़े थे। इसी दौरान गैलरी की छत गिरने से कई लोग दब गए थे। इनमें 25 की मौत हो गई, 17 घायल हैं। ये सभी बारिश से बचने के लिए छत के नीचे खड़े थे। जिस शख्स का दाह संस्कार चल रहा था, हादसे में उनके एक बेटे की भी मौत हुई थी