यमुनानगर : पुराना हमीदा में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर और नर्सिंग कर रही युवती ने चुपके से शादी कर ली। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। इसलिए उन्हें पहले ही डर था कि अगर वे शादी करते हैं तो विवाद हो सकता है। डॉक्टर ने अपने धर्म के अनुसार लड़की से निकाह किया। यह निकाह 28 दिसंबर को किया गया। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए, लेकिन दोनों एक साथ रहना चाहते थे। दोनों को डर था कि कहीं उनके एक होने पर एरिया में विवाद न हो जाए। उन्होंने चुपके से हाईकोर्ट में प्रोटेक्शन के लिए एप्लीकेशन लगा दी।
इसी बीच सूचना लड़की के परिवार वालों तक पहुंच गई। लड़की को समझाने लगे तो मामला थाने तक पहुंच गया। देर रात तक पुलिस थाने में ही दोनों रहे। इसके बाद दोनों को सेफ हाउस भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि लड़की ने बयान दिया कि वह लड़के के साथ रहना चाहती है। वह बालिग हैं, इसलिए पुलिस ने दोनों को प्रोटेक्शन देते हुए सेफ हाउस भेज दिया।
वहीं डॉक्टर के हमीदा में स्थित क्लीनिक पर नजर रख रही है, क्योंकि डर है कि कहीं कोई क्लीनिक पर हमला न कर दे। हालांकि लड़के का क्लीनिक पुलिस चौकी के पास ही है।
हमीदा चौकी इंचार्ज दौलतराम ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों शादी कर चुके हैं। उन्होंने हाईकोर्ट में सुरक्षा के लिए याचिका भी लगाई है। दोनों को सुरक्षा देकर सेफ हाउस भेज दिया गया है। लड़की के परिजनों की तरफ से किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई।