दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने जर्नलिस्ट प्रिया रमानी को मानहानि केस में बरी कर दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने रमानी के खिलाफ मानहानि का केस किया था। 2018 में जब देश में #MeToo कैम्पेन शुरू हुआ था, तब रमानी ने एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। रमानी ने जिस घटना का हवाला दिया था, वह दो दशक पुरानी थी और तब अकबर जर्नलिस्ट थे। 20 साल बाद जब रमानी ने उनके नाम का खुलासा किया, तब अकबर मोदी सरकार में विदेश राज्य मंत्री बन चुके थे। अदालत ने प्रिया रमानी को बरी करते हुए कहा कि महिलाओं को यौन उत्पीड़न का सामना करने के दशकों बाद भी शिकायत करने का हक है।
रमानी ने ‘वोग’ के लिए आर्टिकल लिखा था
2017 में जर्नलिस्ट प्रिया रमानी ने ‘वोग’ मैगजीन के लिए एक आर्टिकल लिखा था। इसमें उन्होंने करीब 20 साल पहले नौकरी के लिए इंटरव्यू के दौरान बॉस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। 2018 में जब देश में #MeToo कैम्पेन शुरू हुआ, तब रमानी ने खुलासा किया कि उत्पीड़न करने वाले व्यक्ति एमजे अकबर थे। जब रमानी ने यह खुलासा किया, तब अकबर मोदी सरकार में मंत्री थे। यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते 17 अक्टूबर 2018 को अकबर को मंत्री पद छोड़ना पड़ा। अकबर ने इसके बाद रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया।
अकबर ने रमानी के आरोपों को काल्पनिक बताया था
ट्रायल के दौरान अकबर ने अदालत को बताया कि रमानी के आरोप काल्पनिक हैं। इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर, रमानी अपने दावों पर टिकी रहीं। इस मामले में एडिशनल चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार पांडे ने 1 फरवरी को दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
तनुश्री दत्ता ने नाना पर आरोप लगाए और भारत में #MeToo कैम्पेन शुरू हुआ
2008 में मूवी ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के सेट पर तनुश्री दत्ता के साथ कुछ घटना हुई थी। तनुश्री ने नाना पाटेकर और कोरियोग्राफर गणेश आचार्य पर आरोप लगाए थे। तब मामले ने इतना तूल नहीं पकड़ा। 10 साल बाद 2018 में तनुश्री भारत लौटीं और एक इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने उस घटना का दोबारा जिक्र किया। कुछ लोगों ने इसे #MeToo से जोड़ दिया। इसके बाद अभिनेता आलोक नाथ, केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर, CPI-M केरल के विधायक माधवन मुकेश और डायरेक्टर विकास बहल भी यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिर गए थे।