लखनऊ. यूपी में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। मौसम कभी बहुत ठंडा तो कभी गरम हो रहा है। पर मौसम विभाग का अलर्ट है कि आने वाले तीन दिन यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि ऐसा पहाड़ों पर सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ की वजह से हो रहा है। इसके साथ ही उत्तराखंड सहित पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में एक बार फिर सर्दी बढ़ गई है। संभावना है कि बारिश और बर्फबारी से यूपी में ठंड बढ़ जाएगी।
मैदानी इलाकों में बढ़ जाएगी सर्दी :- भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहाकि, अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना है। जिसके वजह से भारत के हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है। आईएमडी ने आज यूपी के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
पांच और छह तारीख को जमकर बारिश :- आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ से प्रदेश में अगले 2 से 3 दिन तक मौसमी बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश के कई स्थानों पर गरज के साथ ओलावृष्टि का अनुमान है। यूपी में फिलहाल तो भीषण ठंड से राहत है, लेकिन रात में अभी भी शीतलहर चल रही है। पांच और छह तारीख को कई शहरों मे तेज हवा चलेगी और जमकर बारिश होगी। शनिवार से मौसम सामान्य होना शुरू होगा।
राजधानी लखनऊ सहित आस-पास जिलों में बारिश :- राजधानी लखनऊ में सुबह मौसम सामान्य रहा। हल्का कोहरा रहा पर गुरुवार अलसुबह तकरीबन चार बजे लखनऊ और आस पास के जिलों में बारिश हुई। सुबह 12.30 पर मौसम बदल गया, घूप निकलने के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। लखनऊ का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।