उत्तर प्रदेश के अमरोहा में सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को यहां एक सिपाही ने महिला सिपाही के सीने में तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी शूट कर लिया। दोनों को गंभीर हालत में साईं अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां महिला सिपाही ने दम तोड़ दिया। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली महिला सिपाही की गजरौला थाने में तैनाती है। वह अवंतिका नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। रविवार की शाम छह बजे सैदनगली थाने की PRV (पुलिस रिस्पांस व्हिकल) में तैनात सिपाही मनोज ढल महिला सिपाही के घर पहुंचा। जहां उसने विवाद के बाद महिला सिपाही के सीने में गोली मार दी। इसके बाद खुद को गोली मार ली।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने दोनों को साईं अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन महिला सिपाही की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दोनों के परिवार वालों को भी सूचित किया गया है।