बदायूं में 50 साल की महिला से गैंगरेप और उसकी हत्या के मुख्य आरोपी पुजारी सत्यनारायण को गिरफ्तार हुए 24 घंटे से ज्यादा वक्त बीत चुका है। लेकिन, गांव के लोग उसके बारे में बात करने से कतराते हैं। गांव की गलियों में सन्नाटा है। इस केस के बाकी दो आरोपियों के घर पर ताला लगा है। इस बीच एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित और पुजारी के बीच तीन महीने में फोन पर 800 बार बातचीत हुई थी। पुलिस के पास दोनों की कॉल डिटेल भी है।
पुलिस ने जब पुजारी और पीड़ित के मोबाइल नंबर खंगाले, तो चौकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस सूत्रों की मानें, तो बीते तीन महीनों में पुजारी और पीड़ित के बीच फोन पर 800 बार बात हुई। पुजारी और पीड़ित के बीच फोन पर बातचीत की तस्दीक खुद पीड़िता की मां ने यह कहकर की थी कि हादसे वाले दिन यानी रविवार को पुजारी ने ही फोन कर पीड़ित को मंदिर बुलाया था।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि लॉकडाउन से पहले बरेली के आंवला में पुजारी सत्यनारायण के भतीजे की शादी थी। वह इसमें पीड़ित को भी साथ ले गया था। वहीं पहली बार दोनों के बीच अंतरंग सबंध बने थे।
पुलिस इस पूरे घटनाक्रम में एक विधवा महिला और एक पुरुष के रोल को भी तलाश रही है। बताया जाता है कि पुजारी के उस महिला से भी अवैध संबंध थे। हालांकि पुलिस ने महिला की पहचान उजागर नहीं की है।