मुंबई. अभिनेत्री शबाना आजमी की कार का शनिवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक्सीडेंट हो गया। वे इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हालांकि, अभी उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि शबाना की कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। शबाना आजमी के एक्सीडेंट की खबर जैसे ही सामने आई। लोगों ने उनके स्वस्थ्य होने की कामना शुरू कर दी। हालांकि, इस दौरान सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने जहर उगलना भी शुरू कर दिया।
उनके एक्सीडेंट पर कुछ सोशल मीडिया अकाउंट से उनके लिए गलत कमेंट किए गए। राष्ट्रीय सेवक के नाम से बने एक अकाउंट से न्यूज एजेंसी पीटीआई की खबर पर प्रतिक्रिया दी गई। इसमें लिखा, नरक में भी उसे जगह ना मिले।
एक अन्य यूजर ने लिखा, लोग अब आकर भाजपा को एक्सीडेंट के लिए जिम्मेदार ठहराएंगे।
दरअसल, शबाना आजमी लगातार CAA और एनआरसी को लेकर सरकार का विरोध कर रही हैं। इस दौरान वे अपने बयानों के चलते भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रही हैं। इसीलिए खुद को राष्ट्रवादी कहने वाले कुछ लोगों की निगाह में वो खटकती हैं।