सूरत. थर्टी फस्ट की रात दो मनचलों ने नाइट कर्फ्यू भंग किया और उन्हें रोकने का प्रयास करने वाली महिला पुलिसकर्मी पर अभद्र टिप्पणी कर उसके साथ छेड़छाड़ की। पुणागाम पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों मनचलों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पुणागाम भैयानगर सिद्धेश्वर सोसायटी निवासी जीतू सिंह राजपूत (22) व गोविंद मेघवाल (18) ने मिल कर महिला लोकरक्षक के साथ छेड़छाड़ की। गुरुवार रात पीडि़त महिला लोकरक्षक अन्य पुलिसकर्मियों के साथ रेश्मा रो हाउस ब्रिज के नीचे रात्रि कफ्र्यू की ड्युटी पर थी। उस दौरान करीब दस बजे दोनों भैयानगर इलाके से एक स्कूटर पर वहां आए।
दोनों स्कूटर पर जोर जोर से चिल्लाते हुए जा रहे थे। महिला लोकरक्षक ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो गोविंद ने कहा ‘ऐ मस्त आइटम कैसी है, तु मेरा क्या बिगाड़ लेगी’ फिर तेजी से वहां से दूसरी तरफ भाग गए। वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने अपनी मोटरसाइकिल निकाली और उनका पीछा भी किया लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। पुलिसकर्मी ड्युटी प्वाइंट पर लौट आया।
उसके आने के कुछ ही समय बाद दोनों फिर लौटे। महिला पुलिसकर्मी को घूरते हुए तेजी से भैयानगर की ओर चले गए। इस बीच पीडि़़ता ने पुणागाम पुलिस को खबर की और उनका पीछा किया। भैयानगर में उन्हें उनके घर के पास पकड़ लिया।
पुणागाम पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने बताया कि जीतू सिंह राजस्थान के बाड़मेर जिले के सिवाणा का मूल निवासी है तथा गोविंद सिवाणा के निकट स्थित बालियाणा गांव का मूल निवासी है।