अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : प्रमुख 75 स्थानों में चयनित हस्तिनापुर में होगा योग कार्यक्रम
- 16 Views
- city crime
- June 20, 2022
- Uttar Pradesh
मेरठ, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर देश के प्रमुख 75 स्थानों पर योगाभ्यास किया जाएगा। इन प्रमुख स्थानों में मेरठ की ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर का भी चयन किया गया है। हस्तिनापुर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में मंगलवार को योगाभ्यास होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा।
आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर मेरठ जिले में जगह-जगह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हस्तिनापुर में सबसे बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। इस योगाभ्यास में मंत्री, सांसद, विधायक, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। इसके आयोजन की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। हस्तिनापुर को देश के प्रमुख 75 स्थानों में शामिल किया गया है। इसके साथ ही मेरठ जनपद के तहसील और विकास खंडों पर भी योग शिविर आयोजित होंगे।
चौधरी चरण सिंह विवि में चल रहे स्वामी कर्मवीर के योग शिविर का भी मंगलवार को समापन हो जाएगा। सीडीओ शशांक चौधरी ने हस्तिनापुर में होने वाले योग कार्यक्रम की तैयारियों का सोमवार को जायजा लिया। इस बड़े आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। जीआईसी मैदान की साफ-सफाई कराई जा चुकी है। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था, पानी, बिजली सप्लाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। यहां पर एलईडी के जरिए प्रधानमंत्री के भाषण और योग कार्यक्रम का प्रसारण होगा। मेरठ जिले में 101 स्थानों पर बड़े योग शिविर आयोजित होंगे।